लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डेगाना/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार रात डेगाना क्षेत्र के तिलानेश गांव में आयोजित रात्रि चौपाल के बाद शहीद ग्रेनेडियर मोडाराम खटकड़ के आवास पहुंचकर उनके परिजनों के साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद की वीरांगना एवं परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार के साथ समय बिताया।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले गांव में स्थापित शहीद ग्रेनेडियर मोडाराम खटकड़ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद के अदम्य साहस और देश सेवा में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनकी वीरगाथा को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी तिलानेश गांव में निर्धारित है। शनिवार सुबह वे गांव का भ्रमण करेंगे और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं जनजीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी लेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा शहीद परिवारों के सम्मान, ग्रामीण जनसंवाद और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।



















































