लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आदर्श भार्गव | बारां
बारां। शाहाबाद उपखंड के कस्बाथाना स्थित प्राचीन सिद्ध तपोभूमि बगदे सरकार में आयोजित श्रीराम कथा में राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता आचार्य बृजभूषण महाराज ने कहा कि निर्मल मन वाले व्यक्ति को ही भगवान की कृपा और दर्शन प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि छल, कपट और बेईमानी से भरे मन में ईश्वर का वास नहीं होता।
कथा के दौरान आचार्य ने माता शबरी के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम ने उनके प्रेम और भक्ति से प्रसन्न होकर झूठे बेर ग्रहण किए और समाज को कर्म, समरसता एवं समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की महानता उसके कर्मों से होती है, इसलिए सभी को भेदभाव मिटाकर प्रेम और सौहार्द के साथ जीवन जीना चाहिए।
18 से 27 जून तक चल रही इस श्रीराम कथा का आयोजन महंत गोविंद दास महाराज के सान्निध्य में क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित कथा में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं।













































