लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पाली/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹18,880 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।
राजस्थान के भी 66 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त का लाभ मिला है, जिनके खातों में कुल ₹1,320 करोड़ से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस पहल से किसानों को खरीफ सीजन की बुवाई के समय आर्थिक संबल मिला है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभाग
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पाली जिले के सुमेरपुर स्थित टाउन हॉल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का किसान आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
किसानों के लिए कई योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम-किसान योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनी है। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 2019 से अब तक किसानों को ₹4.46 लाख करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि को ₹6,000 से बढ़ाकर ₹9,000 वार्षिक कर दिया है, जिससे किसानों को अतिरिक्त राहत मिल रही है।
⚡ कृषि क्षेत्र में सुधार और योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.19 करोड़ से अधिक पॉलिसी जारी की गई हैं और किसानों को ₹6,500 करोड़ से अधिक का क्लेम भुगतान किया गया है।
इसके अलावा गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मंगला पशु बीमा योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों व किसानों को लाभ दिया जा रहा है।
शहरी सेवा शिविर का भी किया अवलोकन
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने सुमेरपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का जायजा लिया और लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक लिया। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।



















































