कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया सहकारी गोदाम का लोकार्पण

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सुमेरपुर। (रिपोर्टर) पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साण्डेराव मण्डल के ग्राम लापोद में ‘लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति लि.’ के नवनिर्मित गोदाम का विधिवत लोकार्पण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह आधुनिक गोदाम ‘अन्न भंडारण योजना’ के तहत निर्मित किया गया है, जिसकी कुल क्षमता 500 मीट्रिक टन है। यह परियोजना राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत की गई थी।

उन्होंने कहा कि इस गोदाम के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में सुविधा मिलेगी और उन्हें फसल कटाई के तुरंत बाद औने-पौने दामों पर उपज बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

लोकार्पण से पूर्व मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित गोदाम के साथ-साथ ‘कस्टमर हायरिंग सेंटर’ (CHCs) में उपलब्ध आधुनिक कृषि उपकरणों का अवलोकन किया। इसके अलावा निर्माणाधीन ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) भवन का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दौरान आयोजित जनसुनवाई में मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क, गोपालन एवं अन्य विकास संबंधी मुद्दे उठाए, जिस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पीसीसीबी, पाली के एमडी प्रशांत कल्ला, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महिराज सिंह चाणोद, साण्डेराव मण्डल अध्यक्ष जोराराम देवासी, उपाध्यक्ष शंकर सिंह राजपुरोहित काकू, मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, महामंत्री मुकेश मोदी, लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष कपूराराम चौधरी, उपाध्यक्ष देवी सिंह मेड़तिया, किसान मोर्चा अध्यक्ष धन्न सिंह राजपुरोहित, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पुराराम राठौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here