‘भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ’ नारे पर सियासत तेज

0
13
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

सिरोही। शिवगंज में “भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ” नारे से जुड़े एक मामले में युवक की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के विरोध में सोमवार को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, माली समाज के लोगों एवं स्थानीय नागरिकों ने शिवगंज पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

नगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग अंबे माता मंदिर के सामने एकत्रित हुए और मानव श्रृंखला बनाकर गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवक को रिहा करने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास हो रहा है।

लोढ़ा ने कहा, “यदि ‘भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ’ का नारा लगाना अपराध है, तो मैंने भी यह नारा लगाया है। प्रशासन में दम है तो मुझे भी गिरफ्तार करके दिखाए।”

सभा के बाद संयम लोढ़ा अपने समर्थकों के साथ शिवगंज पुलिस थाने पहुंचे, जहां मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी को अन्यायपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे मामले की अलग से जांच करवाई जा रही है। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं और आने वाले दिनों में इस मामले के और तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here