लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीपलू (नरेश कुरेडा)। जहां एक ओर सरकारी विभागों की लापरवाही को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती हैं, वहीं पीपलू क्षेत्र में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने अपनी कार्यशैली और तत्परता से लोगों का दिल जीत लिया है। विभाग के लाइनमैन मितलेश, रामकल्याण और आशीष क्षेत्र में आमजन के लिए समर्पित सेवा का उदाहरण बनकर उभरे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह टीम 24 घंटे बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहती है। दिन हो या रात, किसी भी समय बिजली संबंधी शिकायत मिलने पर कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को ठीक करने का प्रयास करते हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि देर रात बिजली आपूर्ति बाधित होने या तकनीकी खराबी की स्थिति में फोन करने पर भी टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंचती है और समस्या का समाधान करती है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिल रही है।
रात के अंधेरे में जोखिम भरे हालातों के बीच कार्य करते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इन कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने उनके समर्पण और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने वाले ये कर्मचारी वास्तव में दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। उनकी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।


















































