मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक

0
19
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर, (रूपनारायण सांवरिया)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा देशभर में “विश्वास से विकास, सेवा से सुशासन” अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाएगी।

राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश के विकास को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि जिन 18 हजार से अधिक गांवों तक वर्षों से बिजली नहीं पहुंची थी, वहां विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई गई। आज भारत बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है और किसानों, उद्योगों तथा आम नागरिकों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, जल संरक्षण और बांधों के सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं। रेलवे क्षेत्र में व्यापक आधुनिकीकरण करते हुए अधिकांश ब्रॉडगेज रेलमार्गों का विद्युतीकरण किया गया तथा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को नई आर्थिक शक्ति प्रदान की है। वहीं भारतमाला परियोजना के माध्यम से आधुनिक सड़क नेटवर्क का विस्तार कर सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर संपर्क सुनिश्चित किया गया है।

किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगातार वृद्धि की गई तथा फसल बीमा योजना को अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्वदेशी हथियारों, मिसाइलों और रक्षा उपकरणों के निर्माण को प्रोत्साहन दिया गया है।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है। आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कदमों और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियानों ने विश्व मंच पर भारत की क्षमता और संकल्प को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंचों पर मजबूती से अपनी बात रखने वाला प्रभावशाली राष्ट्र बन चुका है।

कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण भी प्रस्तुत किया। वहीं चंद्रयान मिशन की सफलता ने भारत की वैज्ञानिक क्षमता को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

राठौड़ ने कहा कि जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। साथ ही योग को वैश्विक पहचान दिलाकर भारत ने विश्व को स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ विश्व कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। वैश्विक संकटों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

राठौड़ ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे तथा देश में हुए परिवर्तन और विकास की यात्रा से लोगों को अवगत कराएंगे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here