बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का देर रात संयुक्त निरीक्षण 

0
17
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा

डीग। अधिक मास के अवसर पर आयोजित होने वाली बृज 84 कोस परिक्रमा को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार देर रात डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष और भरतपुर जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी ने संयुक्त रूप से परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया।

विभिन्न पड़ावों पर व्यवस्थाओं की जांच

निरीक्षण की शुरुआत कौथरा गेट से की गई। इसके बाद अधिकारियों ने सांवई स्थित आश्रय स्थल पहुंचकर साफ-सफाई, महिला शौचालयों की व्यवस्था और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त फायर स्टेशन डीग स्थित आश्रय स्थल, टांकोली पीडब्ल्यूडी विश्राम स्थल और गुहाना सहायता केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। गुहाना में चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए ओआरएस, पट्टियों और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जांच की गई।

अधिकारियों ने खोह, आदिबद्री धाम, केदारनाथ और भोजनथाली सहित अन्य महत्वपूर्ण पड़ावों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मीडिया से बातचीत में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार डीग और भरतपुर प्रशासन संयुक्त रूप से संसाधनों का आकलन कर रहा है। उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर अतिरिक्त चिकित्सक, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, आश्रय स्थल, एंबुलेंस और दमकल वाहनों की आवश्यकता का आंकलन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर से अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

पानी, चिकित्सा और विश्राम पर विशेष ध्यान

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को पीने के पानी और विश्राम की कोई परेशानी न हो। साथ ही मेडिकल टीमों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, रेखा रानी व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here