लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। जिले के सेवर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें टिफिन बांटने जा रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
टक्कर के बाद कुचल गई महिला
पुलिस के अनुसार महारासर गांव निवासी 30 वर्षीय आरती स्कूटी से गोलपुरा रोड पर टिफिन देने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और टैंकर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 
पुलिस जांच में जुटी
एएसआई रामवीर सिंह के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने वाहन का नंबर नोट कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और टैंकर की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका आरती गांव से टिफिन सेंटर संचालित करती थी और रोजाना शहर में सप्लाई करती थी।
परिवार में पति केतन (किसान), 12 वर्षीय बेटी मानवी और 9 वर्षीय बेटा कृष्णा हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


















































