पुष्कर घाटी में 150 फीट गहरी खाई में गिरी मिनी बस, ‘मायरा’ की खुशियां मातम में बदलीं

0
31
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अजमेर से नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता

अजमेर। तीर्थराज पुष्कर की ओर जाने वाली नाग पहाड़ की खतरनाक घाटियों में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर ‘सांझी छत’ के पास करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

पुष्कर से लौट रहे युवकों ने दिखाई जांबाजी
हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि उसी समय पुष्कर से बोराज लौट रहे युवकों की नजर बस पर पड़ी। सरकारी मदद पहुँचने का इंतजार किए बिना इन जांबाज युवकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए खाई में छलांग लगा दी। युवकों ने मौके पर उपलब्ध कपड़ों और साड़ियों को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर घायलों को एक-एक कर बाहर निकाला और निजी वाहनों से अस्पताल पहुँचाया।

एक ही परिवार के थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी लोग अजमेर के फायसागर रोड इलाके के रहने वाले थे और गुर्जर समाज से ताल्लुक रखते थे। परिवार के सदस्य एक निजी कार्यक्रम (मायरा भरने) के लिए पीसांगन जा रहे थे। रास्ते में घाटी के सर्पाकार मोड़ पर बस अचानक बेकाबू हो गई और सीधे नीचे जा गिरी।

कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की विशेष टीम उनका उपचार कर रही है। मृतकों की पहचान पूजा (28) और विमला देवी (50) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम
इस हादसे के चलते पुष्कर घाटी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और SDRF की टीमों ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकालने और यातायात सुचारू करने का प्रयास शुरू किया है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बस में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने जिला कलेक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से फोन पर पूरी रिपोर्ट ली। देवनानी ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को तत्काल राहत पहुँचाई जाए और घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

प्रशासनिक मुस्तैदी:
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने तुरंत जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल से संपर्क साधा। उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को बिना देरी किए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

सुरक्षा पर जोर:
देवनानी ने अधिकारियों को दो-टूक कहा कि पुष्कर घाटी में ट्रैफिक व्यवस्था को इस तरह पुख्ता किया जाए कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। वर्तमान में सभी घायलों का उपचार अजमेर के जेएलएन अस्पताल में जारी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here