लग्जरी कार से 6 किलो से अधिक सोने की ज्वेलरी बरामद, तीन गिरफ्तार

0
25
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नाकाबंदी में बड़ी कार्रवाई: 

सिरोही | (तुषार पुरोहित) सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में मंडार थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 6 किलो से अधिक सोने की ज्वेलरी बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद ज्वेलरी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया है। ज्वेलरी की कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।

टोल नाके पर रोकी कार, तलाशी में खुलासा
मंडार थाना अधिकारी सीआई प्रवीण आचार्य ने बताया कि एएसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टोल नाके पर नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान रेवदर की ओर से आ रही टाटा नेक्सन कार को रोककर पूछताछ की गई। कार में सवार तीनों व्यक्ति घबराए हुए नजर आए, जिससे पुलिस को शक हुआ और वाहन की तलाशी ली गई।

13 डिब्बों में मिली सोने की ज्वेलरी
तलाशी के दौरान कार में रखे थैलों में प्लास्टिक के 13 डिब्बे मिले। इन्हें खोलने पर भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी बरामद हुई, जिसमें अंगूठियां, टॉप्स, मंगलसूत्र और चेन सहित विभिन्न आभूषण शामिल थे। दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

अहमदाबाद निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने तीनों आरोपियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनमें मोहनलाल पुत्र गोवाराम रबारी, दिलीप कुमार पुत्र रतीलाल घांची और सुरेश कुमार पुत्र शंकरलाल घांची शामिल हैं, जो वर्तमान में अहमदाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।

6 किलो 319 ग्राम ज्वेलरी जब्त
पुलिस द्वारा जब्त ज्वेलरी का वजन करीब 6 किलो 319 ग्राम पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

सप्लाई के नाम पर ले जा रहे थे ज्वेलरी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुद को ज्वेलर्स व्यवसाय से जुड़ा बताया और कहा कि वे 24 मार्च को अहमदाबाद से ज्वेलरी की सप्लाई के लिए निकले थे। वे उदयपुर, चारभुजा, कांकरोली, सिरोही और आबू रोड सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर वापस लौट रहे थे।

जांच जारी
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी बिना दस्तावेजों के क्यों ले जाई जा रही थी और इसका स्रोत क्या है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here