लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गांधी स्मारक पर मौन सत्याग्रह
नितिन मेहरा, अजमेर।
अजमेर। अजमेर जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत तथा लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व और शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल की अध्यक्षता में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी स्मारक पर दो घंटे का मौन सत्याग्रह किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी बाहों पर काली पट्टी बांधकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। गांधीवादी तरीके को अपनाते हुए कार्यक्रम के दौरान ‘रामधुन’ का गायन भी किया गया, जिससे शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी विरोध का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में धर्मेंद्र राठौड़ ने स्वयं कार्यकर्ताओं को काली पट्टी बांधकर सत्याग्रह में शामिल किया।
सत्याग्रह के दौरान मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र राठौड़ ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए देश में गैस संकट और महंगाई के लिए गलत विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भारत की कूटनीतिक रणनीति कमजोर साबित हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आम लोगों को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। साथ ही कालाबाजारी पर रोक लगाने में सरकार की विफलता को लेकर भी सवाल उठाए गए।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस संकट और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौन सत्याग्रह में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव डॉ. सुनील लारा, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली, राजेश टंडन सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार को मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया।





















































