लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर जिले के भुसावर थाने में एक युवती को थाने लाने के मामले में दो पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों कांस्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी की रात दो कांस्टेबल एक युवती को थाने लेकर आए थे। इस दौरान एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। हालांकि युवती के परिजनों को घटना की जानकारी थी, लेकिन बदनामी के डर से उन्होंने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई।
युवक ने किया पीछा, थाने तक पहुंचा
वीडियो बनाने वाले युवक ने बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 12 बजे उसके घर के पास एक बाइक रुकी। बाइक पर सवार दो युवकों ने एक लड़की को बैठाया और वहां से चले गए। युवक को संदेह हुआ तो उसने बाइक का पीछा किया। बाइक सीधे भुसावर थाने के अंदर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि बाइक पर सोनू और परमवीर नामक कांस्टेबल सवार थे, जो उसी थाने में तैनात थे।
आरोप है कि दोनों कांस्टेबल ने युवती के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की। घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन थाने पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। युवक का यह भी आरोप है कि जब उसने वीडियो बनाया तो मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और मारपीट की।
एसपी का सख्त रुख
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि भुसावर थाने से संबद्ध दो रिक्रूट कांस्टेबल—सोनू कुलदीप और परमिंदर—के खिलाफ दुराचार का मामला प्रथम दृष्टया जांच में सही पाया गया। जांच में नैतिक पतन और प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासनहीन आचरण के संकेत मिले।
उन्होंने कहा कि मामले में औपचारिकता निभाने का कोई औचित्य नहीं था, इसलिए दोनों को तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विभाग में अनुशासनहीनता और दुराचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


















































