लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सेदरी में कार्यरत अध्यापक राजेश पाल मीणा (निवासी शेरपुर खिलचीपुर) ने कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को विश्व, भारत और राजस्थान के मानचित्रों का निःशुल्क वितरण किया।
संस्था प्रधान राम प्रसाद मीणा ने बताया कि विद्यालय में पिछले एक माह से सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन प्रश्न लिखवाकर छात्रों से उनका संधारण कराया जा रहा है। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए शिक्षक राजेश पाल मीणा ने विद्यार्थियों को मानचित्र उपलब्ध कराए, ताकि वे भौगोलिक और राजनीतिक जानकारी को स्थायी रूप से समझ सकें।
उन्होंने बताया कि मानचित्रों के अध्ययन से विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान मजबूत होगा, जिससे वे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और राजकीय सेवाओं में सफलता प्राप्त करने की दिशा में सुदृढ़ आधार बना सकेंगे। विद्यालय में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा की जाती है, जिससे बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है।
इस कार्य में अध्यापक कमलेश कुमार बैरवा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान एसएमसी अध्यक्ष राम सहाय गुर्जर, शिवपाल गुर्जर, इंद्रपाल बिश्नोई, मुकेश कुमार मीणा, विशाल स्वामी सहित अन्य अभिभावक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
















































