लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बारां। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दिव्य धाम सिलोरी में निर्धन एवं जरूरतमंद 12 कन्याओं का प्रथम निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन रविवार, 15 फरवरी 2026 को बारां जिले में स्थित सिरौली धाम के पीठाधीश्वर श्री रघुवीर जी महाराज के सानिध्य में, श्री सिरौली माताजी एवं घटेश्वर बालाजी सरकार की कृपा से संपन्न होगा।
इस पुण्य आयोजन के संबंध में आज सिलोरी धाम सेवा समिति के अध्यक्ष इंद्रेश कुमार मित्तल द्वारा बारां के जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आमंत्रण पत्र भेंट किया गया। उन्होंने बताया कि विवाह सम्मेलन में नवविवाहित कन्याओं को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
आयोजन में आशीर्वचन हेतु अनेक संत-महात्मा आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें श्रीमद् जगतगुरु बालक देवाचार्य जी महाराज (बेनामी पीठ, रैणागिरी धाम, मुंडावर), श्री श्री 108 लखन दास जी महाराज (छैला वाले हनुमान, कस्बा थाना), श्री श्री 1008 गोपाल दास जी महाराज (नोनार सरकार धाम), महंत श्री परसा वाले महाराज, महंत श्री राजेंद्र जी मालवीय तथा महंत श्री श्री 1008 धर्मदास जी महाराज प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके सानिध्य में नवयुगल को संतों का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
सिलोरी धाम सेवा समिति ने समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं से इस सामाजिक-धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।











































