लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 26 जनवरी को होगा आयोजन
जोधपुर। (रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक)
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत समाजसेवी स्वर्गीय सन्नी मेहरा की पुण्य स्मृति में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता के उद्देश्य से तीसरे भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 26 जनवरी को श्री श्री रविशंकर जी ब्लड डोनेशन सेंटर, गीता भवन के सामने, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर आयोजक अरविंद कच्छवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रक्तदान शिविर के प्रचार-प्रसार हेतु लगाए गए बैनर का विमोचन पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवान, डीसीपी शाहीन सी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सुनील के. पंवार तथा महेंद्र चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नियमित अंतराल पर रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं।
बैनर विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुकेश भाटी, अनिल मेहरा, रवि मेहरा, संजय मेहरा, कंवराज सिंह सहित कई युवा एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेकर थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के जीवन को संबल देने की अपील की है।








































