लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां : कस्बे और आसपास के ग्रामीण अंचल में मंगलवार को माघ कृष्ण पक्ष की विनायक चतुर्थी (संकट चतुर्थी) श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महिलाएं पूरे दिन उपवास रखकर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना में लीन रहीं।
महिलाओं ने तिलकुट का प्रसाद तैयार कर गणेश जी को अर्पित किया और विनायक चतुर्थी की व्रत कथा का श्रवण किया। शाम को अपने घरों के आंगन में महिलाएं मंगल गीत गाकर गणेश जी की आराधना की और फिर विनायक जी महाराज के मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना कर पति, पुत्र और परिवार की सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।
मान्यता के अनुसार, शुभ मुहूर्त में संकट चतुर्थी का व्रत रखने और कथा सुनने से जीवन के दुख-कष्ट दूर होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। रात्रि में चंद्र दर्शन के बाद महिलाएं विधिपूर्वक व्रत का पारण कर गईं।
पूरे कस्बे में दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और मंदिरों में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही रही।















































