लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | उपखंड क्षेत्र स्थित श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र, सुथड़ा में जैन धर्म के 15वें तीर्थंकर भगवान धर्मनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद डिकोलिया एवं सह-कोषाध्यक्ष मनोज जैन बनेठा ने बताया कि भगवान धर्मनाथ जैन धर्म के 15वें तीर्थंकर थे। उन्होंने माघ शुक्ल त्रयोदशी को दीक्षा ग्रहण की, पौष शुक्ल पूर्णिमा को कैवल्य ज्ञान (केवलज्ञान) प्राप्त किया तथा चैत्र शुक्ल षष्ठी को सम्मेद शिखर से मोक्ष (निर्वाण) प्राप्त किया। धर्म के मार्ग पर चलते हुए उन्होंने समस्त कर्मों का क्षय कर सिद्ध गति प्राप्त की। उनकी शिक्षाएँ आज भी जैन धर्मावलंबियों को आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा देती हैं।

धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक के साथ हुई, इसके पश्चात नित्य अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न की गई। इसके बाद देव-शास्त्र पूजा, चौबीसी भगवानों के मूलनायक एवं भगवान धर्मनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया गया।
संध्या को हुई भक्तामर दीपार्चना
भक्तामर संयोजक नरेन्द्र जैन बनेठा एवं मनोज जैन बनेठा ने बताया कि संध्या 6:30 बजे भक्तामर स्तोत्र के साथ दीपार्चना का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।













































