लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
– पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने दिखाई ‘एकता मार्च’ को हरी झंडी
पाली/जयपुर ।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन व मेरा युवा भारत (मयुभा), पाली द्वारा एकता मार्च पदयात्रा का आयोजन स्वामी विवेकानंद सर्कल से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
मुख्य अतिथि पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने युवाओं से सरदार पटेल की तरह मजबूत बनने और विकसित, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पटेल ने भारत की एकता और अखंडता को सशक्त किया, और आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। पदयात्रा को मंत्री कुमावत, जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री, पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू, प्रधान मोहनीदेवी पटेल, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली अहिंसा सर्कल, सूरजपोल, शिवाजी सर्कल होते हुए बांगड़ महाविद्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। मार्ग में युवाओं ने विभिन्न राज्यों की वेशभूषा में सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कीं और अनेकता में एकता का संदेश दिया। युवतियों द्वारा आत्मरक्षा प्रदर्शन कर महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट-गाइड, आईटीआई, शिक्षा विभाग व मेरा युवा भारत से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। रैली में युवाओं ने राष्ट्रभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से एकता व अखंडता का संदेश दिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रभा ने युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
मंच संचालन एनसीसी प्रभारी सत्यनारायण राजपुरोहित ने किया, जबकि मेरा युवा भारत के भंवरसिंह राजपुरोहित ने धन्यवाद ज्ञापित किया।














































