लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शम्भू लहरी और प्रकाश माली की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देर रात तक गूंजे भक्ति गीत
उनियारा। (दुर्योधन मयंक) कस्बे के कृषि उपज मंडी परिसर में श्री डिग्गी कल्याण सेवा समिति, श्योपुर (मध्य प्रदेश) के तत्वावधान में डिग्गी कल्याण जी महाराज के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायक शम्भू लहरी और प्रकाश माली ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रखा।
गणेश वंदना से हुआ भजन संध्या का शुभारंभ
भजन संध्या की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद शम्भू लहरी ने ‘मैं तो फैन श्री जी को’ और ‘सीधी सड़क श्री जी के जावे रे’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर पांडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए।
वहीं, प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली ने अपने चिरपरिचित अंदाज में ‘बैंक भी छोटा पड़ग्या रे, सांवरियो मोटो’ सहित भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों के दौरान पूरा कृषि उपज मंडी परिसर जयकारों और तालियों से गूंज उठा।
देर रात तक भक्ति में डूबे रहे श्रद्धालु
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पैदल पदयात्री शामिल हुए। देर रात तक चले भजन संध्या कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर भावविभोर होकर नाचते और भगवान डिग्गी कल्याण जी के जयकारे लगाते नजर आए।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी डिग्गी कल्याण जी महाराज के दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्रियों की सेवा, ठहरने और उत्साहवर्धन के लिए भव्य भजन संध्या के साथ भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है।
समिति पदाधिकारी रहे मौजूद, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम में श्री डिग्गी कल्याण सेवा समिति, श्योपुर के अध्यक्ष भुवनेश मीणा, उपाध्यक्ष हरिमोहन मीणा, सचिव रामरूप मीणा सहित समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस का व्यापक जाब्ता तैनात रहा और सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।

















































