उदेई मोड़ पुलिस की बड़ी सफलता, 4 घंटे में अपहृत छात्र सकुशल बरामद

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

गंगापुरसिटी/सवाई माधोपुर (बनी सिंह मीना)।
उदेई मोड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले का महज चार घंटे में खुलासा कर अपहृत छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, रिको एरिया गंगापुर सिटी निवासी खुशीराम सैनी ने थाना उदेई मोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई लवकुश सैनी का कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। अपहरणकर्ताओं द्वारा फिरौती की मांग किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार सर्च अभियान चलाया।

पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के चलते अपहृत छात्र को थाना वजीरपुर क्षेत्र के ग्राम सेवा इलाके से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। वहीं घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है। कार्रवाई में कांस्टेबल राजेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल राजाराम की विशेष भूमिका रही।

पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here