लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर.एन. सांवरिया)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सिद्धार्थ महाजन ने सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मंथन सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
जेडीए आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी उपायुक्तों से उनके जोन के क्षेत्राधिकार एवं वहां संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नागरिक सेवा केंद्रों के माध्यम से दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही नव सृजित जोनों में प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
सिद्धार्थ महाजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं एवं जेडीए की सेवाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ करें।
उल्लेखनीय है कि सिद्धार्थ महाजन इससे पूर्व केंद्र एवं राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वे भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव तथा लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा राज्य सरकार में सचिव वित्त (बजट), सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सचिव पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन तथा सचिव स्वायत्त शासन विभाग जैसे अहम दायित्वों का भी निर्वहन कर चुके हैं।











































