लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज विद्याधर नगर विधानसभा के झोटवाड़ा क्षेत्र में माँ भारती की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद मेजर आलोक माथुर (सेना मेडल) की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों, कार्यकर्ताओं और बच्चों ने उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने शहीद मेजर आलोक माथुर के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शहीद मेजर आलोक माथुर का अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन सभी नागरिकों के लिए संदेश देता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है।
दिया कुमारी ने कहा कि हमारे सैनिक सीमाओं पर लगातार तैनात रहते हुए देश की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, जिनके कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से देश आत्मनिर्भर बन रहा है और हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने शहीद वीरांगना प्रगति माथुर का अभिनंदन करते हुए उनके त्याग, धैर्य और समर्पण को नमन किया। उन्होंने शहीद परिवारों का सम्मान कर राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट की।
कार्यक्रम में अशोक जी, तरुण जी, मुकेश दत्त माथुर, जयपाल सिंह माण्डोता, माल सिंह शेखावत, शेर सिंह धाकड़, राजेश झालानी, सुरेश जांगिड़, डॉ. उदिता सिंह, पूर्व सेवानिवृत्त सैनिक और बड़ी संख्या में सैनिक परिवार उपस्थित रहे।















































