लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/जयपुर (प्रदीप कुमार डागा)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पेपर लीक, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और अस्पतालों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बेनीवाल ने एसआई भर्ती-2021 को रद्द कर नई भर्ती निकालने के निर्णय को अपने आंदोलन की जीत बताते हुए पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में भाजपा नेताओं के फोन टैप कराने और छापेमारी करवाने वाले अधिकारियों को वर्तमान सरकार ने महत्वपूर्ण पदों पर बैठा रखा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर नियंत्रण नहीं है और सरकारी कार्यालयों में संस्थागत भ्रष्टाचार पनप चुका है। जल जीवन मिशन प्रकरण में भी कई अधिकारी, नेता और ठेकेदार अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।
सांसद बेनीवाल ने भाजपा पर सनातन के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संतों के आंदोलनों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जाट आरक्षण, गुर्जर आरक्षण और किसान आंदोलनों में अपनी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पार्टी युवाओं और किसानों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
इस दौरान एसआई भर्ती-2021 रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलनरत युवाओं ने सांसद बेनीवाल का सम्मान भी किया।

















































