लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर हुआ आयोजन
नवीन कुमावत
किशनगढ़ रेनवाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत रविवार को रेनवाल मैराथन का आयोजन हुआ, जिसमें 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। मैराथन का शुभारंभ नगरपालिका से सुबह 6:30 बजे हुआ, जो सिटी पार्क जाकर समाप्त हुआ। मैराथन आयोजन समिति एवं आर.एन. नोवाल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ये मैराथन हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कृष्णावतार एवं मुख्य अतिथि रामनिवास नोवाल रहे। अतिथियों ने भगवा ध्वज दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
आयोजकों की ओर से प्रथम 600 प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट प्रदान की गई। मैराथन को लेकर युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान देवराज गुर्जर, द्वितीय स्थान रतन सेषमा तथा तृतीय स्थान जयपाल मीणा ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रथम स्थान मोनिका मीणा, द्वितीय स्थान मोनिका कंवर तथा तृतीय स्थान मनीषा मीणा ने प्राप्त किया।वरिष्ठ पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान मुरारी लाल शर्मा ने प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ महिला वर्ग में सबसे अधिक उम्र की प्रतिभागी मोनिशा शारदा रहीं। मैराथन के प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जगदीश कुमावत को बेस्ट क्रिएटर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
















































