लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निकाय चुनाव के लिए भाजपा और सरकार पूरी तरह तैयार
निर्वाचन आयोग का हर फैसला होगा स्वीकार
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों की भगवान राम और राम मंदिर में कभी आस्था नहीं रही तथा जिन्होंने मंदिर निर्माण का समर्थन नहीं किया, वे आज राम मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
राठौड़ ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि मंदिर की सभी संपत्तियां और चढ़ावा सुरक्षित हैं तथा उनका विवरण सार्वजनिक भी किया गया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता हुई है तो कानून अपना काम करेगा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में अनावश्यक राजनीतिक हस्तक्षेप उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें अपनी पार्टी की स्थिति तथा अपने कार्यकाल के दौरान पानी, बिजली, पेपर लीक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा और करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने राम मंदिर निर्माण में श्रद्धा और सहयोग दिया है, उन्हें सवाल पूछने का नैतिक अधिकार है, लेकिन जिन्होंने मंदिर निर्माण का विरोध किया, वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व ट्रस्टी पूरी तरह निष्कलंक रहे हैं और चंपत राय पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता। यदि किसी निचले स्तर का व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
निकाय चुनाव पर क्या बोले राठौड़
स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग जो भी निर्णय करेगा, भाजपा उसे पूरी तरह स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जा रही है और कांग्रेस इस मुद्दे पर ओबीसी समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा संगठनात्मक रूप से पूरी तरह तैयार है और यदि आज भी चुनाव घोषित हो जाएं तो पार्टी चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हाल के 78 उपचुनावों में भाजपा ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की है तथा अधिकांश स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिली है। ऐसे में भाजपा की हार का कांग्रेस का दावा निराधार है।
यूसीसी पर भी रखी राय
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा इसका प्रारूप तैयार कर चुकी है। जिन राज्यों में यूसीसी लागू है, उनके अनुभवों का अध्ययन कर राजस्थान की परिस्थितियों के अनुरूप मसौदा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं और विपक्ष भी चाहे तो अपने सुझाव दे सकता है। यह विषय विधानसभा में आएगा, जहां सभी पक्ष अपनी बात रख सकेंगे।













































