लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
लोसल (सीकर)। कारगिल युद्ध के वीर शहीद श्योदानाराम की 27वीं पुण्यतिथि मंगलवार को हरिपुरा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। युवा विकास समिति के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में शहीद की वीरांगना भंवरी देवी एवं परिजनों का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही भारतीय सेना में कार्यरत स्थानीय पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद श्योदानाराम का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष बी.आर. हरिपुरा ने कहा कि धोद विधायक गोरधन वर्मा के प्रयासों से गांव के विद्यालय का नाम शहीद श्योदानाराम के नाम पर रखा जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहीद स्मारक परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीद के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि शहीद श्योदानाराम 7 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनका बलिदान आज भी क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बना हुआ है।













































