लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समाजसेवियों ने दिया सेवा का संदेश
उनियारा (दुर्योधन मयंक)।
भीषण गर्मी के बीच समाजसेवी दंपति भगवान भंडारी एवं अलका भंडारी ने अपने स्वर्गीय पिता की 17वीं पुण्यतिथि पर आमजन की सेवा हेतु शुद्ध प्राकृतिक जल की प्याऊ का शुभारंभ किया। प्याऊ का लोकार्पण टोंक के प्रसिद्ध भविष्यवक्ता पंडित राजकुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया।
इस अवसर पर पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा, “परहित सरिस धर्म नहीं भाई”, अर्थात दूसरों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। उन्होंने ऐसे सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
समाजसेवी भगवान भंडारी ने बताया कि प्याऊ में 10 काले मटकों को पाइपलाइन के माध्यम से आपस में जोड़ा गया है। पूरी व्यवस्था स्वचालित प्रणाली पर आधारित है, जिसमें लगभग 250 लीटर पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा रहता है। उन्होंने कहा कि मशीनों से अत्यधिक ठंडा पानी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, जबकि मटके का पानी प्राकृतिक और स्वास्थ्यवर्धक होता है।
कार्यक्रम में पंडित नवीन शर्मा ने विधिवत पूजन करवाया तथा पंडित राजकुमार शर्मा ने प्याऊ का जल ग्रहण कर शुभारंभ किया।
इस दौरान सद्गुरु आश्रम के संस्थापक गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा, व्यवस्थापक विष्णु साहू, पंडित नवीन शर्मा, देवराज, समाजसेवी भगवान भंडारी, अलका भंडारी, राधेश्याम विजय सोनवा, राजीव बंसल, कन्हैया मूंदड़ा, आनंद भंडारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



















































