लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा। नगर निगम के पार्षद शिवप्रकाश घावरी (वार्ड नंबर 24) ने कर्मचारियों के लिए नई कॉलोनी बनाकर भूखंड आवंटित करने की पुरानी मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अगले सात दिनों के भीतर उनकी मांग पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई, तो वे नगर निगम कार्यालय के बाहर सांस्कृतिक धरना आयोजित करेंगे।
घावरी ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 1962-63 में नगर पालिका द्वारा कर्मचारियों के लिए ‘कर्मचारी कॉलोनी’ का निर्माण कर मकान आवंटित किए गए थे, लेकिन तब से कर्मचारियों के लिए नई कॉलोनी और भूखंड आवंटन की मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। यह मुद्दा समय-समय पर सफाई कर्मचारी यूनियन द्वारा भी उठाया गया है।
पार्षद ने कहा कि पिछली बोर्ड मीटिंग में इस समस्या पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि सात दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं हुई, तो वे निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













































