लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रपति भवन में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के विकास का विजन और रोडमैप प्रस्तुत किया। (रूपनारायण सांवरिया)
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवा शक्ति, निवेश संवर्धन, किसान कल्याण और महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखकर नीतियां लागू कर रही है।
350 बिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक राजस्थान को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में राज्य की जीएसडीपी वृद्धि दर 10.24 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश एमओयू हुए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।
युवाओं के लिए नई नीतियां
उन्होंने कहा कि राजस्थान में 63 प्रतिशत युवा आबादी को विकास का आधार बनाया जा रहा है। राज्य में कौशल, युवा और रोजगार से जुड़ी नई नीतियां लागू की गई हैं। ‘माय भारत’ अभियान के तहत 18 लाख युवा पंजीकृत हैं, जिससे राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है।
कृषि और किसान कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत 2.19 करोड़ पॉलिसियां जारी की गई हैं। पीएम-कुसुम योजना के तहत 723 मेगावाट क्षमता की 496 सौर परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मरुस्थलीय जिलों में कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि दर्ज की गई है।
महिला सशक्तीकरण पर फोकस
राज्य सरकार ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। साथ ही राजस्थान पोषण योजना और मातृ वंदना योजना में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है।
सुशासन मॉडल और डिजिटल नवाचार
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘राज उन्नति’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 42 परियोजनाओं की समीक्षा की गई है। ‘संपर्क पोर्टल’ पर शिकायत निस्तारण की अवधि 28 दिन से घटकर 14 दिन हो गई है और 98 प्रतिशत से अधिक मामलों का समाधान किया गया है। 
ग्राम विकास और पर्यावरण प्रयास
राज्य में ग्राम विकास चौपालों के माध्यम से सीधे ग्रामीण संवाद किया जा रहा है। नीति आयोग रैंकिंग में नीमराना ब्लॉक को देश में दूसरा स्थान मिला है। साथ ही 50 करोड़ पेड़ लगाने के लक्ष्य के तहत अब तक 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
विकसित राजस्थान का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान हरित ऊर्जा, तकनीक, सुशासन और औद्योगिक विकास के जरिए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘विकसित राजस्थान-2047’ का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा।
















































