लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। रविवार को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा के मद्देनजर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पैरामिलिट्री बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
पहली बार प्रश्न पत्र सुरक्षा में पैरामिलिट्री बल की तैनाती
नीट-यूजी परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए इस वर्ष पहली बार प्रश्न पत्रों के वितरण और सुरक्षा व्यवस्था में पैरामिलिट्री बल को भी तैनात किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह नकल और अनियमितताओं से मुक्त रखना है।
सोशल मीडिया और ड्रोन से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या पेपर लीक संबंधी फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्ण रोक
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, बैग, नोट्स और अन्य किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास चलेगा विशेष अभियान
पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी ताकि परीक्षा का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा परीक्षा संबंधी किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।


















































