लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार द्वारा पुलिस विभाग में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद सागर राणा ने भीलवाड़ा जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने उन्हें आधिकारिक रूप से चार्ज सौंपा। धर्मेंद्र सिंह यादव का तबादला अब चित्तौड़गढ़ जिले में किया गया है।
पुलिस लाइन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर
नवनियुक्त एसपी सागर राणा के भीलवाड़ा पहुंचने पर पुलिस महकमे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस लाइन में जवानों की टुकड़ी ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सलामी दी। इसके बाद एसपी कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और थानाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं सागर राणा
सागर राणा वर्ष 2019 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक की पढ़ाई की है और मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं।
भीलवाड़ा से पहले वे दौसा, सांचौर और फलोदी जिलों में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी ट्रैफिक के पद पर भी कार्यरत रहे हैं।
आईपीएस दंपत्ति के रूप में पहचान
सागर राणा की पत्नी रंजिता शर्मा भी राजस्थान कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चित रही हैं।
कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी सागर राणा ने मीडिया और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण कायम करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
बजरी माफिया और संगठित अपराध बड़ी चुनौती
औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा में नए एसपी के सामने अवैध बजरी खनन, चोरी, लूट और संगठित अपराध जैसी चुनौतियां प्रमुख रहेंगी। हाल ही में भीलवाड़ा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए ‘नंबर-1’ का खिताब भी मिला है, ऐसे में जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन से और अधिक प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।





















































