लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत नव नियुक्त जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 23 मई से 1 जून तक पुष्कर में आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रहेगी, जिसमें पार्टी नेता राहुल गांधी के शामिल होने की भी संभावना है।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
इस कार्यक्रम के तहत नागौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा भी 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जनसंपर्क और सोशल मीडिया पर विशेष सत्र
प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक मजबूती, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, जनहित मुद्दों पर काम करने की रणनीति और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रदेशभर से होंगे पदाधिकारी शामिल
इस शिविर में प्रदेशभर से नव नियुक्त जिलाध्यक्ष और कांग्रेस पदाधिकारी भाग लेंगे। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना बताया जा रहा है।





















































