लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीएम के दौरे की तैयारियों का लिया जायजा
बालोतरा/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट तथा मेन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और यहां तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संचालन संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्राप्त कीं। इसके बाद उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर अधिकारियों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल के ले-आउट, पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा। अधिकारियों ने इस दौरान तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 4 जुलाई को देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ करेंगे। यह परियोजना देश और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने अखंड ज्योत के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
इस अवसर पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ. अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि, एचपीसीएल, एचआरआरएल, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















































