लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग/झालावाड़। (सुनील निगम)
झालावाड़ जिले के डग ब्लॉक में पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पोलियो रोधी दवा पिलाने का अभियान शुरू हुआ। ब्लॉक क्षेत्र में 153 बूथों पर कुल 27,430 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन 22,581 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
डग ब्लॉक बीसीएमओ डॉ. राजकुमार वाघेला ने बताया कि रविवार सुबह से ही सभी बूथ केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभियान शुरू कर दिया। एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई।
उन्होंने बताया कि रविवार को बूथों पर दवा पिलाने के बाद सोमवार और मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
अभियान के दौरान अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों को बूथ केंद्रों पर लेकर पहुंचे। दवा पिलाने के बाद बच्चों की अंगुली पर पहचान का निशान भी लगाया गया।
यह अभियान क्षेत्र की सीएचसी, पीएचसी, उप स्वास्थ्य केंद्रों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।















































