लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन, गुरला
गुरला। में कार्तिक कृष्ण चतुर्थी, यानी शुक्रवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, भक्ति और प्रेम के साथ मनाया गया। महिलाएं दिनभर निर्जल-निराहार रहकर व्रत रखीं और शाम को चंद्रमा के दीदार का बेसब्री से इंतजार किया। जैसे ही चाँद उभरा, महिलाएं उसकी रोशनी में अर्घ्य अर्पित करके पति के हाथों जल पीकर व्रत खोलती नजर आईं।
सोलह श्रृंगार, पूजन की थाली और पारंपरिक तैयारी के बीच महिलाएं दिनभर कामकाज निपटाकर शाम को चंद्रोदय से पूर्व पूजन कर उत्सव का आनंद ले रही थीं। कुछ महिलाएं परिवार के साथ, तो कुछ आस-पड़ोस की महिलाओं के संग सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करती दिखीं।
महिलाओं ने माता पार्वती और भगवान गणेश की उपस्थिति में चौथ माता की कथा सुनी और आशीर्वाद लिया। नवविवाहिताओं में पर्व का उत्साह विशेष रूप से देखा गया। घर की बुजुर्ग महिलाएं जैसे मां, सास और ननद ने व्रत की विधि समझाई। कई पतियों ने अपनी पत्नियों के लिए भी व्रत रखा।
समारोह में सोशल नेटवर्क पर तस्वीरें साझा की गईं। पति के हाथों से जल और मिठाई ग्रहण करने के बाद महिलाओं को उपहार भी प्राप्त हुए, जिनमें ज्वैलरी और मोबाइल फोन शामिल थे। सुबह बायना कल्प कर सुहाग सामग्री घर की महिलाओं को दी गई और नवविवाहिताओं के पीहर पक्ष से करवा, साड़ी और अन्य उपहार भेजे गए।















































