लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) – लायंस क्लब भीलवाड़ा के तत्वाधान में क्लब अध्यक्ष लायन एडवोकेट पवन पंवार और भामाशाह एम.जे.एफ. लायन जी.सी. जैन द्वारा राउमावि स्वरूपगंज स्कूल में 50 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए। इसी अवसर पर उन्होंने स्कूल को शीघ्र ही एक कम्प्युटर मय प्रिंटर भेंट करने की घोषणा भी की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में एडवोकेट पवन पंवार ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे स्वयं और अपने जिले, राज्य तथा देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने की सलाह दी और बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए शुभकामनाएँ दी।
लायन एडवोकेट ललित सांखला ने बच्चों से सरकारी सम्पत्ति की सुरक्षा करने और शिक्षा के मूल उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार बच्चे अपने जिले, राज्य और देश का नाम ऊँचा कर सकते हैं।
लायन विनोद जैन ने जानकारी दी कि लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा जल्द ही एक एम्बुलेंस तैयार की जा रही है, जो जिले के सभी सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों की आँखों की जांच करेगी। जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयाँ भी प्रदान की जाएँगी।
लायन भवानी शंकर दुधानी ने बच्चों को व्यसनों से दूर रहने और सरकारी सम्पत्ति की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी याद दिलाई।
स्कूल प्रिंसिपल ने लायंस क्लब अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल को एक कम्प्यूटर एवं प्रिंटर की आवश्यकता है। इस पर लायन भामाशाह जी.सी. जैन ने घोषणा की कि लायंस क्लब भीलवाड़ा शीघ्र ही इस मांग को पूरा करेगा।
घटना में स्कूल के सभी स्टाफ और विद्यार्थी भी मौजूद थे, जिन्होंने तालियों के साथ लायंस क्लब का आभार व्यक्त किया।




















































