- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। झालावाड़ जिले के रूंडलाव क्षेत्र में सोमवार को खेत पर रखवाली कर रहे एक किसान पर पैंथर ने हमला कर दिया। किसान व आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर पैंथर किसान को छोड़कर मौके से भाग निकला। हमले में किसान राधेश्याम नाथ घायल हो गया। सूचना मिलते ही तहसीलदार नरेंद्र मीणा सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचे और घायल किसान राधेश्याम नाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार नरेंद्र मीणा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वे रूंडलाव गांव पहुंचे। किसान राधेश्याम नाथ पैंथर के हमले में घायल मिला, जिसे बाद में सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। किसान के बताए अनुसार वह खेत पर रखवाली कर रहा था। इस दौरान पैंथर ने उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों मौके पर पहुंचे. लोगों को देख पैंथर वहां से भाग निकला और किसी तरह उसकी जान बच पाई। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
ये है पूरा मामला
पैंथर के मूवमेंट के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और किसान खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं. लोगों से सावधानी रखने की अपील की गई है। वन विभाग के डीएफओ सागर पंवार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां पैंथर के फुटमार्क मिले हैं। फिलहाल पैंथर के मूवमेंट को ट्रेस किया जा रहा है।
- Advertisement -















































