लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर) | रिपोर्टर: संजीव बंसल
कठूमर कस्बे में शनिवार को धार्मिक उल्लास और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। मसारी रोड स्थित धुंधकुटी से खाटू श्याम, धर्मराज, गणेश जी और गरूड़ जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
मंदिर महंत संत बलराम दास और परम कुटी के महंत संत प्रयाग दास घोड़े पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा अहिंसा सर्किल, गंगा मंदिर सर्किल, जनूथरिया मोहल्ला, अग्रसेन मार्केट, सोती मोहल्ला सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
महिलाओं की कलश यात्रा और पुष्प वर्षा
सैकड़ों महिलाएं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। गंगा मंदिर सर्किल के पास वैश्य समाज अध्यक्ष लोकेश जैन के सानिध्य में महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों द्वारा पुष्प वर्षा की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

श्रद्धा और उत्साह से भरा माहौल
पूरे कस्बे में शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्पवृष्टि, जलपान और सत्कार की व्यवस्था की गई। धार्मिक संगीत और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
















































