विमानन क्षेत्र का नया केंद्र बनेगा किशनगढ़ : सुरेश सिंह रावत

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

किशनगढ़ (अजमेर)। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा है कि आने वाले समय में किशनगढ़ विमानन (Aviation) क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा और प्रदेश के प्रमुख एयरपोर्ट्स की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के लाभ को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले एक दशक से अधिक समय में देश में हुए बुनियादी ढांचे के विस्तार ने युवाओं के लिए करियर के नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

मंत्री रावत ने यह बात किशनगढ़ एयरपोर्ट परिसर स्थित ‘एवियाना एविएशन अकैडमी’ के निरीक्षण के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणरत भावी पायलटों (कैडेट्स) से भी संवाद किया। उन्होंने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और शहरी युवाओं को विमान पायलट जैसे आधुनिक और प्रतिष्ठित करियर विकल्पों के प्रति प्रेरित करना है। कैडेट्स ने भी बीते वर्षों में युवाओं के हित में हुए विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री रावत ने विमानन संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विमान के कॉकपिट में बैठकर टेक-ऑफ से लेकर उड़ान प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की कार्यप्रणाली और विमान रखरखाव (मेंटेनेंस) इकाई का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान किशनगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक बी.एस. मीणा ने उन्हें उड़ान सुरक्षा और ग्राउंड ऑपरेशन्स से संबंधित प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

एक साल से कम समय में 100 से अधिक पायलट तैयार

किशनगढ़ स्थित यह एविएशन अकैडमी तेजी से विमानन प्रशिक्षण के उभरते केंद्र के रूप में पहचान बना रही है। जुलाई 2024 में स्थापित इस संस्थान में वर्तमान में 12 सिंगल-इंजन और 1 डबल-इंजन प्रशिक्षण विमान उपलब्ध हैं। यहां देशभर से लगभग 150 कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

संस्थान ने एक वर्ष से भी कम समय में 100 से अधिक प्रशिक्षित पायलट तैयार किए हैं, जिन्होंने सफलतापूर्वक कमर्शियल पायलट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here