लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मंगलवार को सड़क मार्ग से जोधपुर पहुंचीं और लूणी विधानसभा की ग्राम पंचायत सालावास में 104.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह की अध्यक्षता स्थानीय विधायक एवं संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने की, जबकि जीव-जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंतसिंह विश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में तीन प्रमुख सड़कों का शिलान्यास किया गया—
-
सालावास से सर-सरेचा-फींच धुंधाड़ा जिला सीमा तक सड़क (29.70 किमी), लागत 48.22 करोड़ रुपये
-
गुड़ा से भाण्डू कला वाया सालावास नंदवान-हीरखेड़ा सड़क (23 किमी), लागत 43.47 करोड़ रुपये
-
बोरानाडा से सालावास सड़क (8 किमी), लागत 12.46 करोड़ रुपये
इसके अलावा ग्राम पंचायत सालावास के 1.75 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी हुआ। 
सरकार सिर्फ घोषणा नहीं, काम करती है: उपमुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। “हम सिर्फ घोषणाएं नहीं करते, बल्कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी धरातल पर काम करके दिखा रहे हैं। अभी 100 करोड़ रुपये के काम हुए हैं, जल्द ही 400 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होगा।”
वोकल फॉर लोकल और जीएसटी पर बयान
वोकल फॉर लोकल पर दिया कुमारी ने कहा कि भारत के टेक्सटाइल और हैंडीक्राफ्ट विश्वस्तरीय हैं, इसलिए हमें देश में बने उत्पादों का उपयोग करना चाहिए। जीएसटी सुधार को जनता के हित में बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे महंगाई नियंत्रण में आएगी और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
जोजरी नदी और पर्यावरण मुद्दे
जोजरी नदी प्रदूषण को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गंभीर है और प्रदूषण नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
खांसी की सिरप से मौत पर कड़ा रुख
बच्चे की मौत के मामले पर उपमुख्यमंत्री ने कहा—
“सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। जांच शुरू कर दी गई है, रिपोर्ट आने पर यदि किसी भी स्तर पर गलती या अपराध पाया गया तो दोषी को कड़ी सजा दी जाएगी। अपराधी चाहे कोई भी हो, कार्रवाई अवश्य होगी।”


















































