लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एक ही परिवार 40 लोग गंगा नदी पर नहाने जा रहे थे
कासगंज।उत्तर प्रदेश के कासगंज इलाके में दो बस आपस में भिड़ गई। घटना में भरतपुर के रहने वाले 3 लोगों की मौत हो गई। भरतपुर के रहने एक ही परिवार के लोग कल रात सोरोंजी स्थित गंगा घाट पर नहाने के लिए जा रहे थे। इस दौरान अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई और बस सामने से आ रही दूसरी बस से जा टकराई।
- दीपक ने बताया कि हम एक ही परिवार के करीब 40 लोग सोरों जी गंगा स्थित गंगा घाट पर नहाने के लिए कल रात 11 बजे घर से निकले थे। परिवार के लोगों ने सोरों जी जाने के लिए एक प्राइवेट बस किराये पर की थी। आज सुबह जब बस कासगंज पहुंची तो, ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई। इतने में बस सामने से आ रही एटा रोडवेज की बस से टकरा गई।

दोनों बसें आपस में भिड़ते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी को बस से बाहर निकाला। बस में बैठे सभी लोगों के चोटें आई थी। मौके पर तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। जिसके बाद सभी घायलों को कासगंज के अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन लोगों की हुई मौत
वहां से कई लोगों को आगरा और अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। घटना में गिर्राज सिंह (85) निवासी फरसो और पीतम (65) निवासी नगला कुर्वारिया को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राम धकेली (80) निवासी नगला कुर्वारिया को आगरा रेफर किया गया था।
रोडवेज में करीब 5 सवारियां मौजूद थीं
आगरा में उन्हें सही इलाज नहीं मिला तो, परिवार के लोग राम धकेली को तुरंत भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर आये। वहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। कई लोगों का इलाज प्राइवेट अस्पतालों में भी जारी है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसें पूरी तरह से टूट गई। वहीं एटा रोडवेज की बस में 4 से 5 सवारियां थी उन्हें भी मामूली चोटें आई हैं। उन्हें कासगंज में ही भर्ती किया गया है

















































