लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा की संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए समर्पित कार्यकर्ता हमारा लक्ष्य
नई दिल्ली।(रितु मेहरा) भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय विस्तार कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘चुनावी रणनीति एवं संगठन’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश एवं सौदान सिंह सहित राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, प्रभारी एवं सह प्रभारी मौजूद रहे।
हर कार्यकर्ता को काम, हर काम के लिए समर्पित कार्यकर्ता
मदन राठौड़ ने संगठन की मूल शक्ति को रेखांकित करते हुए कहा कि “कार्यकर्ता हमारी पूंजी और संगठन हमारी ताकत है।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रखना और संगठन को लगातार मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि “हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए समर्पित कार्यकर्ता” की भावना संगठन को प्रभावी और परिणामदायी बनाती है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों और उन्हें निभाने के साथ प्रभावी मॉनिटरिंग भी होनी चाहिए।
बेहतर फीडबैक और लगातार प्रवास पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं और जनता के बीच निरंतर संवाद में है। इसके लिए बेहतर फीडबैक व्यवस्था, लगातार प्रवास और जमीनी स्तर से मिलने वाले सुझावों को संगठन की निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना चाहिए तथा इन सुझावों को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए। 
तकनीक, एआई और सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी
मदन राठौड़ ने कहा कि बदलते समय के साथ संगठन की कार्यशैली और रणनीति में भी बदलाव जरूरी है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं प्रभावी उपयोग संगठन को अधिक सक्षम बना सकता है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पार्टी के विचारों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार करनी होगी।
युवा शक्ति और अनुभव का हो समन्वय
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आने वाली पीढ़ी की अपेक्षाओं और सोच को समझना संगठन की जिम्मेदारी है। युवाओं की आकांक्षाओं को समझकर उन्हें संगठन में पर्याप्त अवसर और जिम्मेदारियां देनी होंगी।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है, वहीं युवाओं की ऊर्जा और नई सोच संगठन को नई गति प्रदान करती है। अनुभव और युवा शक्ति का समन्वय भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत एवं गतिशील बनाएगा।
सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने पर जोर
मदन राठौड़ ने सामाजिक समावेश पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना भाजपा की कार्यपद्धति का हिस्सा होना चाहिए। संगठन की व्यापकता तभी दिखाई देती है, जब उसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता और प्रतिनिधित्व हो।
उन्होंने कहा कि पार्टी समय-समय पर कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और योग्यता के अनुरूप उन्हें जिम्मेदारियां देती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मिले दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना चाहिए।
मदन राठौड़ ने कहा कि दायित्व कोई पद नहीं, बल्कि संगठन की सेवा और जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद, स्पष्ट जिम्मेदारियों, मजबूत फीडबैक व्यवस्था, तकनीक के सदुपयोग और जनता से सीधे जुड़ाव के साथ संगठन को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।


















































