लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दिन में 7,134 चालान
दो दिवसीय विशेष अभियान में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 544 चालान, यातायात पुलिस ने दी सख्त चेतावनी—शॉर्टकट से बची दूरी जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) जयपुर शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। 20 और 21 अगस्त को चलाए गए अभियान में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले 544 चालकों के चालान किए गए। वहीं इन दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात की गई थीं।
20 अगस्त को 283 और 21 अगस्त को 261 चालान
विशेष अभियान के दौरान 20 अगस्त को रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले 283 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं 21 अगस्त को 261 चालान किए गए। इस तरह दो दिनों में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के कुल 544 चालान किए गए।
यातायात पुलिस का कहना है कि रॉन्ग साइड वाहन चलाना महज यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि सड़क पर खुद के साथ-साथ दूसरे वाहन चालकों की जान को भी खतरे में डालने वाला व्यवहार है।
दो दिन में 7,134 वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 20 और 21 अगस्त को अलग-अलग माध्यमों से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7,134 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
इनमें—
- वीओसी ऐप से फोटो खींचकर: 798 चालान
- पीओएस मशीन से: 2,633 चालान
- आईटीएमएस ऑनलाइन चालान: 1,135
- इंटरसेप्टर/स्पीड गन के माध्यम से: 2,568 चालान
- रॉन्ग साइड ड्राइविंग: 544 चालान
शामिल हैं।
पुलिस की दो टूक—रॉन्ग साइड से बचा समय जान से बड़ा नहीं
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाएं। पुलिस के अनुसार सड़क पर थोड़ी दूरी या कुछ मिनट बचाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने नागरिकों से यातायात नियमों की पालना करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चालक हमेशा सही दिशा में चलें और सुरक्षित घर लौटें।
“शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है।”
पुलिस का यह संदेश रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का प्रमुख संदेश रहा।
रामबाग सर्किल पर भी यातायात जागरूकता अभियान
इधर, यातायात पुलिस जयपुर की ओर से रामबाग सर्किल पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जैन सोशल कैपिटल ग्रुप के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण एवं नोडल अधिकारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुनीता मीना ने पुलिस अधिकारियों और ग्रुप के सदस्यों के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की।
वाहन चालकों को बताया गया कि यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं हैं, बल्कि खुद की और सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी हैं।
हेलमेट, सीट बेल्ट और स्पीड पर दिया जोर
जागरूकता अभियान के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने की सलाह दी गई। चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया।
इसके साथ ही वाहन चालकों को रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी लगातार जारी रखे जाएंगे।



















































