लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वकालत के साथ तैयारी कर हिमांशु अवस्थी ने रचा इतिहास
जयपुर/ मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण पेश करते हुए हिमांशु अवस्थी ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) 2024 परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में 113वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने यह सफलता वकालत की प्रैक्टिस के साथ-साथ निरंतर अध्ययन करते हुए प्राप्त की।
हिमांशु अवस्थी ने क्लैट परीक्षा उत्तीर्ण
हिमांशु अवस्थी ने क्लैट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अहमदाबाद स्थित Institute of Law, Nirma University से विधि की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा (IAS) परीक्षा की तैयारी शुरू की और अपने पहले ही प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। कुल मिलाकर उन्हें दो बार इंटरव्यू देने का अवसर मिला, हालांकि अंतिम चयन सूची में स्थान नहीं बन पाया।
इसके बाद पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हिमांशु ने राजस्थान हाईकोर्ट में प्रैक्टिसिंग एडवोकेट के रूप में अपना करियर शुरू किया और अपना कार्यालय स्थापित किया। दिन में वकालत और रात में पढ़ाई—इस संतुलन के साथ उन्होंने आरएएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी।
उनकी यह मेहनत रंग लाई और पहले ही प्रयास में उन्होंने 113वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हिमांशु की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों और जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा रखते हैं।
हिमांशु अवस्थी अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने ईश्वर, इष्टदेवता, माता-पिता, बहन, बहनोई और मामा को देते हैं। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग, आशीर्वाद और मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
प्रेरणा:
हिमांशु की कहानी बताती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता जरूर मिलती है—चाहे परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों।


















































