गंगापुर सिटी बस स्टैंड पर भीषण आग, दो निजी बसें जलकर राख

0
31
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बनी सिंह मीना

गंगापुर सिटी ।गंगापुर सिटी बस स्टैंड पर रविवार अल सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से खड़ी निजी बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो निजी बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि पास खड़ी एक अन्य बस को भी नुकसान पहुंचा।

आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़ी सैकड़ों बसों तक आग फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय बस स्टैंड पर सैकड़ों निजी बसें खड़ी रहती हैं। ऐसे में यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो भारी जन-धन की हानि हो सकती थी।

घटना के बाद बस मालिकों ने असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी निजी बसों में आग लगाने की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here