लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
परिजनों ने जताया आभार
डीग। ब्रज 84 कोस परिक्रमा के दौरान डीग क्षेत्र में एक मानवीय संवेदनशीलता का मामला सामने आया, जिसमें डीग शहर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिछड़ी हुई 65 वर्षीय वृद्ध महिला को सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार रामनरेश मीना के निर्देशन में पुलिस टीम ने यह सराहनीय कार्रवाई की।
परिक्रमा के दौरान ग्रुप से बिछड़ी महिला
लाडकुमारी पत्नी श्यामलाल यादव, निवासी मडोरी थाना सिमरा, जिला निवाड़ी (मध्यप्रदेश), ब्रज 84 कोस परिक्रमा में शामिल होकर अपने 8 सदस्यीय समूह के साथ आई थीं। 22 मई 2026 को शाम करीब 4 बजे नगला दादू क्षेत्र के पास वह अपने समूह से बिछड़ गईं।
इसके बाद वह डीग क्षेत्र में एक प्याऊ पर बैठी हुई मिलीं, जहां से स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महिला के परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते कुछ ही समय में महिला के परिजनों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित मिलाया गया।
परिजनों ने जताया आभार
परिजनों से मिलने के बाद वृद्ध महिला भावुक हो गईं और पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं परिजनों ने डीग पुलिस की कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
डीग पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है, जिसे एक मानवीय और सराहनीय उदाहरण माना जा रहा है।





















































