लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालिका विद्यालय में तोड़े ताले, कंप्यूटर फोड़े, आग लगाने का भी प्रयास
डग (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग कस्बे में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय को निशाना बनाते हुए विद्यालय के कई कमरों के ताले तोड़ दिए और जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने विद्यालय के रिकॉर्ड रूम, पुस्तकालय और कंप्यूटर कक्ष में घुसकर सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। कंप्यूटरों को तोड़ने के साथ ही विद्यालय में आग लगाने का भी प्रयास किया गया। हालांकि, विद्यालय प्रशासन ने फिलहाल किसी सामान के चोरी होने की पुष्टि नहीं की है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डग क्षेत्र में लगातार चौथे दिन चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं होना पुलिस और प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। अज्ञात बदमाश लगातार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले बुधवार रात भी शातिर चोरों ने नगर के पीएम श्री माध्यमिक विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार दो विद्यालयों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र के अभिभावकों और नागरिकों में भी चिंता बढ़ गई है। 
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, विद्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


















































