क्रिसमस डे पर सेंट जेवियर स्कूल में बजरंग दल का हंगामा, स्कूल संचालक से मारपीट, तोड़फोड़

0
194
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्कूल संचालक से  मारपीट और तोड़फोड़
नागौर | जिले से एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। क्रिसमस डे के अवसर पर सेंट जेवियर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में घुसकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बजरंग दल के नाम पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने स्कूल संचालक के साथ मारपीट की और स्कूल में तोड़फोड़ की।

घटना के समय 400 बच्चे थे मौजूद

घटना के समय स्कूल परिसर में करीब 400 बच्चे मौजूद थे और क्रिसमस समारोह चल रहा था। बच्चों के सामने हुई इस घटना से स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अचानक हुई हिंसा के कारण परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस मौके पर पहुंची स्कूल संचालकों में नाराजगी

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें रामनिवास, किशन और खोजा  नामक व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब क्रिसमस जैसे शांतिपूर्ण पर्व पर स्कूल में घुसकर इस तरह की हिंसक घटना को अंजाम दिया गया है। लोगों का कहना है कि किसी भी संगठन के नाम पर कानून हाथ में लेना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। आमजन ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here