लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
– “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत पौधरोपण अभियान
श्रीकरणपुर सेक्टर में लगाए गए तीन हजार से अधिक पौधे, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले से खबर है कि भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर स्थित श्रीकरणपुर सेक्टर में तैनात 118वीं बटालियन BSF ने क्षेत्र को हराभरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक सराहनीय पहल की है। BSF ने सामाजिक संगठन हैप्पीनेस फाउंडेशन, यूनाइटेड फुटबाल क्लब और शहीद भगत सिंह हॉकी क्लब के साथ मिलकर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण का कार्य शुरू किया है।
प्रधानमंत्री की मुहिम से प्रेरित अभियान
BSF अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण को संरक्षित रखने और धरती को हरी-भरी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस मुहिम के तहत श्रीकरणपुर सेक्टर में 5 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक 3 हजार पौधे क्षेत्र की विभिन्न चौकियों, BSF कैंप तथा बॉर्डर क्षेत्र में रोपित किए जा चुके हैं।
सामाजिक सहयोग से बढ़ रही हरियाली
इस अभियान में स्थानीय सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। हैप्पीनेस फाउंडेशन, यूनाइटेड फुटबाल क्लब और शहीद भगत सिंह हॉकी क्लब के सदस्यों ने मिलकर पौधों की देखरेख और रोपण में सक्रिय सहयोग दिया। BSF अधिकारियों ने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस पहल के माध्यम से न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि समाज में वृक्षारोपण को लेकर जागरूकता भी बढ़ रही है। BSF ने बताया कि हरियाली बढ़ाने से न केवल प्राकृतिक सौंदर्य में वृद्धि होगी, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।
यह अभियान सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल बन रहा है, जहाँ सुरक्षा बल और समाज मिलकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
















































